राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने विद्यालय में करंट हादसे के मामले में उत्तर प्रदेश सरकार से मांगी रिपोर्ट


भदोही (यूपी)

राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC), नई दिल्ली ने भदोही  ब्लॉक के  कंपोजिट विद्यालय दुरासी के परिसर से हो कर गुजरे हाई टेंशन विद्युत लाइन से हुए शॉर्ट सर्किट एवं करंट लगने से अनुदेशक सहित 15 बच्चे झुलस गए थे। घटना को संज्ञान लेते हुए उत्तर प्रदेश सरकार के ऊर्जा विभाग तथा उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPPCL) से चार सप्ताह के भीतर Action Taken Report (ATR) प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

यह शिकायत योगेन्द्र कुमार सिंह (योगी), राष्ट्रीय अध्यक्ष, मानवाधिकार सेंट्रल वॉच एसोसिएशन (C.W.A.) द्वारा आयोग के समक्ष प्रस्तुत की गई थी।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि विद्यालय परिसर में हाई टेंशन लाइन से शॉर्ट सर्किट होने के कारण 15 छात्र-छात्राएँ एवं एक अनुदेशक करंट की चपेट में आकर घायल हुए। विद्यालय के कई विद्युत उपकरण क्षतिग्रस्त हो गए तथा विद्यालय के मुख्य द्वार पर भी विद्युत रिसाव से बड़े हादसे की आशंका बनी रही। शिकायत के अनुसार, संबंधित अधिकारियों को सूचना देने के बावजूद समय पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

आयोग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तर प्रदेश के सचिव (ऊर्जा विभाग) एवं मुख्य प्रबंध निदेशक, UPPCL को निर्देश दिया है कि शिकायत की जांच कर चार सप्ताह के भीतर विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट आयोग को प्रस्तुत करें।

मानवाधिकार सेंट्रल वॉच एसोसिएशन (C W A) ने आयोग के इस कदम का स्वागत करते हुए आशा व्यक्त की है कि दोषी अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी तथा भविष्य में विद्यालयों में विद्युत सुरक्षा के प्रभावी उपाय सुनिश्चित किए जाएंगे।