मकान के ऊपर गिरा हाइटेंशन तार, बड़ा हादसा टला

चंदौली (यूपी)

चकिया तहसील के ग्राम राममांडो  में उस समय अफरा- तफरी मच गई जब बिजली विभाग की लापरवाही से हाइटेंशन तार टूटकर चौहान बस्ती के ऊपर गिर गया।  ग्रामीणों की सतर्कता से बड़ा हादसा होते- होते बच गया। संयोग अच्छा था कि उस समय छत के ऊपर कोई नहीं था।  स्थानीय लोगों ने तत्काल विद्युत विभाग को सूचना दी, जिसके बाद विजली आपूर्ति बंद कर स्थिति को नियंत्रित किया गया।

ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में विद्युत तार लंबे समय से जर्जर अवस्था में है। जिसकी शिकायत कई बार की जा चुकी है, लेकिन बिजली विभाग द्वारा कोई ठोस कार्यवाही नहीं की गई। लोगो ने बिजली विभाग से जर्जर तारों को तत्काल बदलने तथा जिम्मेदार अधिकारिता के विरुद्ध कार्यवाई की मांग की है।
ग्राम प्रधान पवन प्रताप सिंह ने कहा कि ग्रामीणों की सुरक्षा
 हमारे लिए सर्वोपरि है। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा है कि मैं विद्युत पोल एवं तारों को घरों के ऊपर से हटाने के लिए बिजली विभाग के अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से बात करूंगा। हमारा प्रयास होगा कि बिजली को नहर के किनारे से लाया जाय जिससे जन- धन की हानि होने से बचाया जा सके।
ग्रामीण मोनू सिंह, रामनरेश जायसवाल, बब्बू तिवारी, अमित सिंह, पप्पू पासवान, दिलीप चौहान का कहना है कि हाइटेंशन तार घरों के ऊपर से गुजरा है जिसको हटाने के लिए कई बार बिजली विभाग से शिकायत की गई, बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। हाइटेंशन तार से कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है।  ग्रामीणों ने तत्काल हाइटेंशन तार को हटाने की   मांग की है।